यूपीएससी के चेयरमैन मनोज सोनी ने दिया इस्तीफा, कार्यकाल पूरा होने से पहले छोड़ा पद
नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष मनोज सोनी ने इस्तीफा दे दिया है। कार्यकाल पूरा होने से पहले उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, सोनी ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। जून के आखिरी सप्ताह में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल उनका इस्तीफा स्वीकार होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मनोज सोनी का कार्यकाल 2029 में समाप्त होने वाला था, इससे पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। सोनी ने 2017 में यूपीएससी में बतौर सदस्य ज्वॉइन किया था। 16 मई 2023 को उन्हें यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन का अध्यक्ष बनाया गया। तीन बार वाइस चांसलर रहे डॉ. सोनी के नाम सबसे कम उम्र के कुलपति का रिकॉर्ड रहा है।
उन्हें 2005 में पीएम मोदी ने वडोदरा के एमएस विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया था, उस वक्त वह सिर्फ़ 40 वर्ष के थे। मनोज सोनी ने 2015 तक डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर मुक्त विश्वविद्यालय (बीएओयू) के कुलपति के रूप में भी दो कार्यकालों तक कार्य किया। जोकि गुजरात सरकार द्वारा स्थापित बीएओयू दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम प्रदान करता है। सूत्रों की मानें तो मनोज सोनी गुजरात में स्वामीनारायण संप्रदाय की एक शाखा, अनुपम मिशन को अधिक समय देना चाहते हैं। 2020 में दीक्षा प्राप्त करने के बाद वे मिशन के भीतर एक साधु या निष्काम कर्मयोगी बन गए।
