फ्लाइट्स कैंसिल, कंप्यूटर-लैपटॉप बंद- माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप
मुंबई : दुनियाभर में तमाम लोगों के विंडोज सिस्टम पर ब्लू स्क्रीन की परेशानी आ रही है। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर ठप होने की वजह से दुनियाभर में यह तकनीकी समस्या सामने आई। माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प की क्लाउड सर्विसेज में तकनीकी समस्या के चलते शुक्रवार को भारत सहित दुनिया भर में बड़े पैमाने पर उड़ानें प्रभावित हुईं। कुछ फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा तो कुछ फ्लाइट डिले हुईं।
माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, हम इस मुद्दे से अवगत हैं और हमने कई टीमों को इसे सुलझाने के लिए शामिल किया है। हमने इसके कारण का पता लगा लिया है। अकासा एयरलाइंस ने बताया कि उसकी कुछ ऑनलाइन सर्विसेज मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। बुकिंग, चेक-इन सर्विसेज सहित हमारी कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। रिपोट्र्स के अनुसार इस गड़बड़ी से अमेरिका और आस्ट्रेलिया में भी बैंक और सरकारी दफ्तर में कंप्यूटर और लैपटॉप बंद हो गए। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस गड़बड़ी को लेकर अपने एकाउंट से कई पोस्ट भी किए। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि हमारे सिस्टम पर एकाएक एक मैसेज लिखा हुआ फ्लैश हुआ। इस मैसेज में लिखा हुआ था कि ऐसा लगता है कि विंडोज़ ठीक से लोड नहीं हुआ। यदि आप चाहें तो सिस्टम को रीस्टार्ट कर फिर से ट्राई कर सकते हैं।
सर्वर ठप होने पर एलन मस्क ने ली चुटकी, कहा-सब बंद एक्स चालू
एलन मस्क ने एक्स पर एक मीम शेयर किया है। जिसमें एक व्यक्ति एक्स है जो कि ऊपर है तो नीचे बहुत सारे व्यक्ति खड़े हुए हैं। मस्क ने इसके साथ लिखा है कि बाकी सब बंद है, यह ऐप अभी भी काम करता है। इसके अलावा उन्होंने एक पुराने ट्वीट को भी रिट्वीट किया है। इसमें उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट की तुलना मैक्रोहार्ड से की है।
