February 15, 2026

सीएम भगवंत मान का ऐलान, हरियाणा में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी

चंडीगढ़ – हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासत पूरी तरह से गर्मा गई है। इस बीच अब आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

सीएम भगवंत मान ने की प्रेस कांफ्रेंस
चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि पार्टी पूरी ताकत से हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है। आधा हरियाणा पंजाब और आधा दिल्ली से टच करता है। उन्होंने कहा कि बड़ी बात यह है कि केजरीवाल साहब हरियाणा से संबंध रखते हैं। आप के महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि हरियाणा में हम हर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। हम हरियाणा में अकेले सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाह रही है। हमारा फर्ज है कि जनता की उम्मीदों को पूरा करें। हमारी पार्टी सर्वे में नहीं आती है, जबकि सीधे सरकार बनाती है।सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का कल्चर मिलता है। कुछ लोगों को दिल्ली के काम पता हैं। पंजाब और हरियाणा में रिश्तेदारियां भी हैं। रिश्तेदारी भी ऐसी है कि मेहनत उनको करनी पड़ेगी। हम खुश हैं कि हमारी पार्टी चुनाव लड़ेगी। अभी जालंधर में बड़े मार्जिन 60 फीसदी वोटों से जीते हैं।

बता दें कि आम चुनाव में हरियाणा में इंडी गठबंधन ने एक साथ चुनाव लड़ा था। प्रदेश की 10 सीटों पर नौ पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि एक सीट कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार के रूप में सुशील गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा था। प्रदेश में कांग्रेस ने पांच सीटों पर कब्जा जमाया था, जबकि अन्य सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी। कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता को भाजपा के नवीन जिंदल से शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *