उपचुनावों में इंडी गठबंधन का जलवा, जानिए कौन कितने वोटों से जीता
जालंधर – उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार, बंगाल, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश की 13 विधानसभा सीटों के लिए 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इन 13 सीटों के चुनावी नतीजे आज घोषित कर दिए गए है। लोकसभा चुनावों के बाद उप-चुनावों में भी इंडी गठबंधन का जलवा देखने को मिला। इंडी गठबंधन ने करीब 10 सीटों पर जीत हासिल की है। तो वहीं बीजेपी के हिस्से सिर्फ 2 सीटें ही आई है। इसके साथ एक सीट आजाद उम्मीदवार ने जीती है। इन सभी राज्यों के नतीजों के बारे में आपको बताते है कि कौन सा उम्मीदवार कहां से जीता और कितनी वोटों से जीता।
पंजाब के जालंधर पश्चिम में आम आदमी पार्टी की जीत:
जालंधर पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। आप के प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने यहां 37,325 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। 13 राउंड की वोटिंग के बाद बीजेपी दूसरे स्थान पर रही। बीजेपी के प्रत्याशी शीतल अंगुराल को 17,921 वोट मिले है। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर तीसरे स्थान पर रही, जिन्हें 16757 वोट हासिल हुए।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की पत्नी ने बाजी मारी:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश कुमारी ने शनिवार को देहरा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार को 9399 मतों से हराकर जीत दर्ज की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गराग के अनुसार कमलेश कुमारी ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा सीट से 9399 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चुनाव आयोग के अनुसार उनको कुल 32737 वोट और भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह को 23338 वोट प्राप्त हुए। नालागढ़ उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक के एल ठाकुर छठे राउंड की गिनती में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा से 6870 वोटों से पीछे चल रहे हैं। अब तक ठाकुर को 24428 वोट, बावा को 31298 वोट और भाजपा के बागी नेता निर्दलीय हरप्रीत सैनी को 11616 वोट मिले हैं। हमीरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक आशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेन्द्र वर्मा को 1571 मतों से पराजित किया। श्री वर्मा को 25470 और श्री शर्मा को 27941 मत मिले।
उत्तराखंड के बदरीनाथ, मंगलौर दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत:
उत्तराखंड में दोनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कांग्रेस पार्टी से करारी शिकस्त मिली है। बद्रीनाथ से लखपत बुटोला ने 5,224 मतों से, जबकि मंगलौर से काज़ी निजामुद्दीन 449 मतों से जीते हैं। चमोली जिले की बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस पार्टी के लखपत सिंह बुटोला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के राजेंद्र सिंह भंडारी को पराजित किया है। हरिद्वार जिले की मंगलौर सीट से कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 449 मतों से पराजित किया है। दस चरण की मतगणना में कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन को 31,710 वोट मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 31,261 वोट मिले। बसपा के उबेदुर्रहमान को कुल 19552 वोट मिले।
बिहार में निर्दलीय प्रत्याशी की हुई जीत:
बिहार की एकमात्र रुपौली सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने एनडीए-जदयू के प्रत्याशी कलाधर प्रसाद मंडल को आठ हजार से ज्यादा वोटों से हराया। सभी 13 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद शंकर सिंह को 68,070 वोट मिले, जबकि जदयू प्रत्याशी कलाधर प्रसाद मंडल को 59,824 वोट मिले और वह 8,246 मतों से हार गये। राजद की प्रत्याशी और पूर्व विधायक बीमा भारती को सिर्फ 30,619 मत मिले।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत:
पश्चिम बंगाल की रायगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कृष्णा कल्याणी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा प्रत्याशी को 50,000 से अधिक मतों से शिकस्त दी। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज निर्वाचन क्षेत्र में कल्याणी ने भाजपा उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 50,077 मतों के अंतर से हराया। कल्याणी को 86,479 मत मिले, जबकि घोष को 36,402 वोट प्राप्त हुए।
मध्य प्रदेश में कड़ी टक्कर देकर जीते बीजेपी के कमलेश शाह:
मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर बीजेपी के कमलेश शाह जीत गए हैं। बीजेपी ने कमलनाथ के किले में सेंध लगा दी है। वहीं कांग्रेस के धीरेन शाह ने कड़ी टक्कर दी लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
