March 14, 2026

कराची के क्षेत्रों में चार दिनों में भीषण गर्मी और लू से 427 लोगों की मौत

कराची,  पाकिस्तान के कराची में इस वक्त बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रही है। स्थानीय लोग पिछले दो दिनों से लू से जूझ रहे हैं। इसके साथ ही गर्मी से मरने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।

इस बीच एक संस्था ने दावा किया है कि पाकिस्तान के कराची के क्षेत्रों में चार दिनों में भीषण गर्मी और लू से 427 लोगों की मौत हो गई है। एक गैर सरकारी संस्थान ईधी फाउंडेशन का कहना है कि बुधवार को छोड़कर बीते चार दिनों में 427 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा मंगलवार को सिंध प्रांत के तीन सरकारी अस्पतालों से 23 शव निकाले गए।  

पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची में बीते सप्ताह शनिवार से अत्यधिक गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। यहां शनिवार को तापमान 40 डिग्री के पार हो गया और बुधवार तक लगातार ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।  ईधी फाउंडेशन के प्रमुख फैसल ईधी का कहना है कि कराची में कुल मिवाकर चार शवगृह हैं। इन शवगृहों में अब मृतकों के शव रखने की जगह नहीं बची है।

पिछले तीन दिनों में अज्ञात शवों की बरामदगी में हुई बढ़ोतरी ने सिंध सरकार को तत्काल कदम उठाने और पूरे शहर में हीट वेव रिलीफ सेंटर स्थापित करने के लिए मजबूर किया है। यह कदम पाकिस्तान मौसम विभाग (पीएमडी) की ओर से जारी एक गंभीर चेतावनी के बीच उठाया गया है। विभाग ने देश के दक्षिणी क्षेत्रों में अत्यधिक तापमान की भविष्यवाणी की है। कराची के अस्पतालों में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं, जिससे शहर के चिकित्सा संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। कराची के जिन्ना अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर हर दिन हीट वेव से संबंधित चिकित्सा समस्याओं वाले सैकड़ों मरीजों को देख रहे हैं। कराची और सिंध प्रांत के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। सरकार पूरे शहर में स्थापित 77 हीट वेव रिलीफ सेंटरों के माध्यम से अस्पतालों में मरीजों की आवाजाही को कम करने का प्रयास कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *