फिल्म ‘हमारे बारह’ लंबे चले विवाद के बाद अब 21 जून को रिलीज
मुंबई , फिल्म ‘हमारे बारह’ लंबे चले विवाद के बाद अब 21 जून को रिलीज के लिए तैयार है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने आज सुनवाई के बाद इसे मंजूरी दी। फिल्म निर्माताओं ने अदालत से वादा किया कि वे आपत्तिजनक सीन्स को हटा देंगे। इसके बाद ही अदालत ने कहा कि अब फिल्म को रिलीज कर सकते हैं। इस फिल्म को लेकर कल ही बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा था कि फिल्म ‘हमारे बारह’ में मुस्लिम समुदाय या कुरान के खिलाफ कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। यह फिल्म वास्तव में महिलाओं के उत्थान के लिए है।
जस्टिस बीपी कोलाबावाला और फिरदौस पूनीवाला की खंडपीठ ने कहा, फिल्म से सभी आपत्तिजनक दृश्य हटा दिए गए हैं। यह वास्तव में ”सोचने वाली फिल्म” है। कोर्ट ने यह भी कहा कि भारतीय जनता भोली भाली या मूर्ख नहीं है। जज बीपी कोलाबावाला और फिरदौस पूनावाला की जस्टिस बेंच ने कहा कि फिल्म का पहला ट्रेलर आपत्तिजनक था, लेकिन उसे हटा दिया गया है और ऐसे सभी आपत्तिजनक सीन्स को भी फिल्म से हटा दिया गया है। अदालत ने कहा कि यह वास्तव में एक सोचने वाली फिल्म थी और उस तरह की नहीं, जहां दर्शकों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने दिमाग को घर पर रखें और केवल इसका आनंद लें।
