बकरीद पर देने जा रहे थे बकरे की बलि, तभी रहस्यमय तरीके से बकरा हुआ गायब
मरदह – बिहार के रोहतास जिले के गांव तिलौथा रलियान बिगहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार जो बकरे की बलि देने के लिए घर से कार पर निकला था, लेकिन बकरे की बलि देने से पहले पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया और फिर बकरा भी गायब हो गया।
दरअसल, बिहार से अंबेडकरनगर जा रही स्कार्पियो चालक को नींद आने के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सिंगेरा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। स्कार्पियो अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। ये सभी लोग मन्नत पूरी होने पर मजार कछवछा शरीफ दरगाह पर बकरा की बलि देने जा रहे थे। घायलों को जिला चिकित्सालय मऊ में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद बकरा गायब हो गया। एक्सप्रेसवे के बचाव दल व स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल मऊ भिजवाया।
हादसे का शिकार हुए पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब रहती थी। तबीयत ठीक होने को लेकर उन्होंने दरगाह पर बकरे की कुर्बानी देने की मन्नत मांगी थी। स्वास्थ्य में सुधार होने पर वह 15 हजार में बकरा खरीद कर दरगाह पर कुर्बानी के लिए स्वजन के साथ जा रहे थे। उधर, स्कार्पियो पलटने से मचे कोहराम के बीच बकरा कहीं चला गया। काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिला। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है।
