December 22, 2025

मानव अंगुली के बाद अब आइसक्रीम से निकला कनखजूरा, महिला ने शेयर किया वीडियो

नोएडा : नोएडा सेक्टर-12 की रहने वाली एक महिला ने आइसक्रीम का ऑनलाइन ऑर्डर किया। महिला का दावा है कि उनके पास डिलीवर हुई आइसक्रीम के डिब्बे में कनखजूरा निकला। महिला ने सोशल मीडिया के जरिये आइसक्रीम कंपनी और अन्य एजेंसियों को टैग कर शिकायत की है। महिला ने आइसक्रीम के डिब्बे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की यहां पुष्टि नहीं की जा रही है।

सेक्टर-12 निवासी दीपा ने बताया कि उनके बच्चों ने शनिवार सुबह आइसक्रीम खाने की जिद की। उन्होंने ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली साइट के माध्यम से आइसक्रीम का डिब्बा 195 रुपये में मंगाया। उन्होंने उसे खोलकर देखा तो उसके अंदर कनखजूरा जमा दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत सामान की डिलीवरी करने वाली कंपनी को शिकायत दी। कंपनी की तरफ से उनको रूपये वापस कर दिए गए।महिला ने आइसक्रीम के डिब्बे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने आइसक्रीम कंपनी के साथ ही अन्य सरकारी एजेंसियों को सोशल मीडिया पर टैग कर शिकायत की। महिला का कहना है कि उनसे कंपनी ने संपर्क नहीं किया है। सेक्टर-24 थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तरफ से किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है। अगर शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि हाल ही में मुंबई की एक दुकान से डॉक्टर द्वारा ऑर्डर की गई आइसक्रीम कोन के अंदर मानव उंगली का टुकड़ा पाया गया था। यह वीडियो भी वायरल हो गया था। इसके बाद आईस्क्रीम में मिले मानव अंग को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *