February 15, 2026

ट्रस्ट की तरफ से पी.आर.टी.सी. जहानखेलां में जल संरक्षण विषय पर कार्यक्रम का आयोजन

होशियारपुर, : भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना जो की प्रकाश राय खन्ना कौशल्या देवी खन्ना मैमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन का दायित्व भी निभा रहे हैं, ने ट्रस्ट की तरफ से पी.आर.टी.सी. जहानखेलां में जल संरक्षण विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके खन्ना ने पुलिस प्रशिक्षण ले रहे जवानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुलिस का कर्त्तव्य समाज में शान्ति व्यवस्था को कायम रखना होता है। उन्होंने कहा कि सच्चे दिल से कर्त्तव्य का निर्वाह सही मायनो में यही है कि जवान समाज के वर्त्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वाह करें। भूमिगत जल का निरंतर गिर रहा स्तर पूरी दुनिया पर जल की कमी के कारण आने वाली विपत्ति का संकेत है। कुदरती वनस्पति का निरंतर नष्ट होना और भूमिगत जल का निरंतर स्तर गिरने से इस वर्ष तापमान में रिकार्डतोड़ इजाफा हुआ है जिसका प्रमाण भीषण गर्मी के रूप में देखा जा सकता है।

पृथ्वी पर मौजूद जल का केवल ३ प्रतिशत भाग ही पीने लायक है। खन्ना ने कहा की अगर भविष्य में दुनिया पर जल की कमी आयी तो विश्व में संभावित अशांति का माहौल होगा और जल के लिए विश्व युद्ध जैसे हालात बन सकते हैं।खन्ना ने जवानों से अपील की कि यदि जवान जल संरक्षण को अपनी ड्यूटी का हिस्सा बनाएं तो वे खुद जल संरक्षित कर लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर सकते हैं जिससे जवान अपनी ड्यूटी के साथ साथ वास्तविक कर्त्तव्य का निर्वाह भी कर सकते हैं। खन्ना ने कहा की जवानो में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता को मापने के लिए ट्रस्ट द्वारा जल संरक्षण विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई जाएगी जिसमे प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जवानो को ट्रस्ट द्वारा पुरुस्कृत किया जाएगा। मानव, जीव जगत और वनस्पति को जल की कमी से होने वाले संभावित खतरे को रोकने के लिए जवानो को आगे आना होगा। इस मौके खन्ना ने जवानों को जल संरक्षित करने का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *