पेटीएम ने नौकरियों में की कटौती, प्रभावित कर्मचारियों की ऐसे मदद कर रही है कंपनी
नई दिल्ली : पेटीएम के स्वामित्व वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) की ओर से पुनर्गठन के चलते कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है, जो कर्मचारी इस छंटनी से प्रभावित हुए हैं, कंपनी उन्हें दूसरी जॉब खोजने में मदद कर रही है।
पेटीएम की ओर से कितने कर्मचारियों को निकाला गया है। फिलहाल इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि कर्मचारियों के बकाया बोनस का भी भुगतान किया जा रहा है, जिससे इस प्रोसेस में पारदर्शिता बनी रहे।
कंपनी ने बयान में कहा, वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) उन कर्मचारियों को आउटप्लेसमेंट सपोर्ट प्रदान कर रहा है, जिन्होंने कंपनी के पुनर्गठन प्रयासों के तहत इस्तीफा दे दिया है। आउटप्लेसमेंट सपोर्ट उस स्थिति को कहा जाता है, जब कोई कंपनी छंटनी में निकाले गए कर्मचारियों की दूसरी नौकरी खोजने में मदद करती है।
