February 13, 2026

जम्मू बस हमला : पुलिस ने जारी किए आतंकियों के स्केच, 20 लाख रुपए का रखा गया इनाम

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में आतंकवादियों ने शिव खोड़ी से वापस आ रही बस पर हमला कर दिया। इसके बाद तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें 9 श्रद्धालुओं की जान चली गई और 41 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। जम्मू पुलिस ने रियासी हमले पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकियों पर इनाम घोषित किया है और उनका स्केच भी जारी किया है। सूचना देने वाले के लिए 20 लाख रुपए के इनाम की घोषणा कर दी गई है।9 जून को शिवखोड़ी से वापस कटरा आ रही बस पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। ड्राइवर के गोली लगने के बाद श्रद्धालुओं से भरी ये बस खाई में गिर गई थी। इसके बाद से जम्मू पुलिस ने मामले में अपनी पूरी ताकत लगा दी है। बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें कई अत्याधुनिक उपकरणों की मदद भी ली जा रही है। सूत्रों की माने तो 20 से अधिक लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने एक स्केच जारी किया है।

आतंकी घटना के बाद से पुलिस सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया है। सुरक्षा बलों के 11 दल जंगलों को खंगाल रहे हैं। पुलिस के आलाधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाए रखे हुए हैं। आतंकवादियों के हमला करने की नीति से शक की सुई पाकिस्तानी आतंकवादी अब्बू हमजा और हदून की तरफ इशारा कर रही है। वहीं, सुरक्षाबल ड्रोन की मदद से आकाश से भी निगरानी रख रहे हैं।

घटनास्थल पर मौजूद लोगो का मानना है कि अगर बस खाई में न गिरती तो आतंकी सभी श्रद्धालुओं को जान से मारने की फिराक में थे। इस हमले के बाद रियासी क्षेत्र के साथ ही पूरे देश में हलचल मच गई। इसके बाद से सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी। तब से लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *