यूक्रेन को मिराज लड़ाकू विमान देगा फ्रांस
पेरिस : फ्रांस यूक्रेन को मिराज लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करेगा और उसके सैनिकों को प्रशिक्षित करेगा। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांसीसी मीडिया के साथ एक साक्षात्कार में यह बात कही।
मैक्रों ने गुरुवार शाम को कहा, “हम एक नये सहयोग की शुरुआत करेंगे और मिराज 2000-5एस भेजेंगे।” समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि फ्रांसीसी नेता ने 4,500 सैनिकों की एक पूरी यूक्रेनी बटालियन को प्रशिक्षित करने का भी वादा किया, जिसे युद्ध के मैदान में तैनात किया जाना है।
उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों की डिलीवरी से “तनाव नहीं बढ़ेगा” और वादा किया कि “इनका इस्तेमाल नागरिकों पर बमबारी करने के लिए नहीं किया जाएगा”। इसके अतिरिक्त, मैक्रों ने यूक्रेन में सैन्य प्रशिक्षकों को भेजने की संभावना से भी इनकार नहीं किया।
मिराज 2000 एक फ्रांसीसी बहु-उद्देशीय, एक इंजन वाला चौथी पीढ़ी का लड़ाकू विमान है, जिसे दासो एविएशन द्वारा बनाया गया है।
