चुनाव आयोग ने मतगणना के बाद भी विभिन्न राज्यों को केंद्रीय बल उपलब्ध कराये
निर्वाचन आयोग ने चुनाव बाद की हिंसा पर कड़ा रुख अपनाते हुए चार जून की मतगणना के बाद भी विभिन्न राज्यों को केंद्रीय बल मुहैया कराए हैं, ताकि उनके और केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा दिए गए आकलन के आधार पर हिंसा की किसी भी घटना को रोका जा सके। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को मतगणना के दिन के बाद 15 दिन के लिए सुरक्षा बल उपलब्ध करा दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इसी तरह उत्तर प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश को मतगणना के दो दिन बाद तक सुरक्षा बल मुहैया कराए गए हैं।
लोकसभा चुनावों के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी संपन्न हुए। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना दो जून को होगी।
