March 14, 2026

प्रचंड गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड; पारा 47 डिग्री के पार, अगले पांच दिन भीषण लू का अलर्ट

नई दिल्ली – उत्तर पश्चिम भारत प्रचंड गर्मी की चपेट में है। अधिकांश क्षेत्रों में आसमान से झुलसा देने वाली आग बरस रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक रहा। यही नहीं, 14 साल बाद दिल्ली में इतनी भीषण गर्मी पड़ी है। हरियाणा के सिरसा में भी पारा 47.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अभी कम से कम पांच दिन भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं पंजाब में लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

पंजाब में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लू चलने की चेतावनी दी है। इसने अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लू चलने की भी भविष्यवाणी की है। उसके बाद हल्की आंधी आ सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।

रेड-ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान में अत्यधिक गंभीर लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात में गंभीर लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। साथ ही, नवजात बच्चों, बुजुर्गों व पुराने रोगों के मरीजों समेत कमजोर लोगों की देखभाल की जरूरत बताई है।

भट्टी की तरह तप रहा राजस्थान
राजस्थान के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को तेज गर्मी का दौर जारी रहा। प्रदेश के एक दर्जन जिले भट्टी की तरह तपते रहे। प्रदेश के बाड़मेर एवं जैसलमेर जिलों में शुक्रवार को 47 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर व चूरू जिलों में 46 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *