श्री शिव मंदिर के सामने दशहरा मैदान में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
फगवाड़ा, ब्रह्मलीन परमपूज्य श्री रामशरण दास जी महाराज की छठी पुण्य स्मृति में उनके अनन्य शिष्य त्रिभुवन दास जी महाराज (कथा वाचक) के नेतृत्व में ओंकार नगर स्थित श्री शिव मंदिर के सामने दशहरा मैदान में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। जिसके उपलक्ष्य में सोमवार को प्रात :6 बजे कलश यात्रा श्री शिव मन्दिर ओंकार नगर से प्रारम्भ होकर श्री शिव मन्दिर अर्बन एस्टेट, फगवाड़ा पहुंची। जहां से जलभरण क्रिया पूर्ण करके पुन: श्री शिव मन्दिर ओंकार नगर में समाप्त हुई। कलश यात्रा में माताएं-बहनें अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित हुई। मंगलवार को संध्या काल सात बजे श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य पर कथा वाचक त्रिभुवन दास ने अपने श्री मुख से बहुत ही सरल और विद्व्तापूर्ण ढंग से प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमियों ने कथा का रसास्वादन लिया। कथा के क्रम में संगीत मण्डली ने बहुत ही भावविभोर कर देने वाले भक्ति से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत किये। श्री त्रिभुवन दास जी महाराज ने कहा की कथा की निरंतरता आगामी सात दिनों तक चलती रहेगी। प्रबंधकों ने बताया कि कथा की समाप्ति 20 मई को हवन पूर्णाहुति और भण्डारे के साथ होगी।
