February 14, 2026

जनता को अपना उत्तराधिकारी बनाना चाहता हूं : मोदी

हुगली में पीएम ने अपने संबोधन में लोगों से कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली में रैली की। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं इस भीड़ में अपनी माताओं और बहनों के चेहरे देखकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं जो मुझे आशीर्वाद देने के लिए भारी संख्या में यहां आई हैं। 2024 का चुनाव विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। इस देश का विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद भाजपा के साथ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुगली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘तीन चरण के चुनाव पूरे हो चुके हैं, कल चौथे चरण का चुनाव होने वाला है। तीन चरणों के चुनाव के बाद मैं विश्वास से कह सकता हूं कि भाजपा और एन डी ए 400 पार करके ही रहेगी। अब 400 पार नारा नहीं है, यह देश के लोगों का संकल्प बन गया है।’पीएम मोदी ने जनता से कहा, ‘मेरा विचार यह है कि मैं तुम्हें अपना उत्तराधिकारी बनाऊँ और जो कुछ भी मेरे पास है उसे तुम्हारे नाम पर छोड़ दूँ। इसकी तुलना टीएमसी जैसी अन्य पार्टियों से करें; वे तुम्हें लूटना चाहते हैं और अपने उत्तराधिकारियों के लिए महल बनाना चाहते हैं। यदि वे ऐसा कर सकते हैं, तो मैं भी ऐसा कर सकता हूं। मैं अपने उत्तराधिकारियों, अपने देशवासियों के लिए पक्के मकान, नल के पानी तक पहुंच प्रदान करूंगा और अपनी माताओं और बहनों के लिए पोषण और सुरक्षा सुनिश्चित करूंगा।’ममता सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘विकास के लिए भाजपा के प्रयासों के बीच टीएमसी अपने काम में व्यस्त है और उसका काम क्या है? टीएमसी का एक ही काम है- गड़बड़ी और ज़मीन दखल। मोदी कहता है ‘हर घर जल’ और टीएमसी कहती है ‘हर घर बम’… माताओं, बहनों, बेटियों का यहां जीवन मुश्किल है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘संदेशखाली में ये क्या कर रहे हैं यह पूरा देश देख रहा है। टीएमसी संदेशखाली में हर हथकंडा इस्तेमाल कर रही है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि टीएमसी का कोई भी अत्याचारी बच नहीं पाएगा।’ पीएम ने कहा, ‘टीएमसी ने बंगाल के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है, टीएमसी ने बंगाल के युवाओं का भविष्य बेच दिया है। टीएमसी ने बंगाल के मां-बाप के सपने बेचे हैं। टीएमसी के पेपर लीक और भर्ती माफिया ने सबको तबाह कर दिया है। इनके बड़े-बड़े नेता व मंत्री जेल में हैं… इनके नेताओं के यहां नोटों के पहाड़ निकले हैं।’

राम मंदिर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘राम मंदिर जबसे बना है तब से इनकी नींद उड़ गई है… इन लोगों ने राम मंदिर का भी बहिष्कार किया… मां, माटी, मानुष की बात करने वाली पार्टी आज वोट बैंक के लिए बंगाल का भी अपमान कर रही है और अपनी विरासत का भी अपमान कर रही है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *