अकाली दल के सत्ता में आने पर सरकार गैंगस्टरों का सफाया कर राज्य में निवेशक अनुकुल माहौल बनाएगी
लुधियाना, शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल के तहत कानून-व्यवस्था के चरमराने और गैंगस्टर संस्कृति ने पंजाब के उद्योग को तबाह कर दिया तथा घोषणा की कि अकाली दल के सत्ता में आने पर सरकार गैंगस्टरों का सफाया कर राज्य में निवेशक अनुकुल माहौल बनाएगी।
अकाली दल अध्यक्ष ने पार्टी के उम्मीदवार रंजीत सिंह ढ़िल्लों के समर्थन में प्रचार करने आए करने के साथ साथ फतेहगढ़ साहिब के उम्मीदवार बिक्रमजीत सिंह खालसा के समर्थन में खन्ना में पंजाब बचाओ यात्रा की अगुवाई करने के अलावा यहां उद्योगपत्तियों के साथ बातचीत करते हुए कहा,‘‘ यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि घरेलू उद्योगपत्ति पंजाब छोड़कर जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में निवेश कर रहे हैं।’’ उन्होने कहा कि राज्य के उद्योगपत्ति पहले ही दूसरे राज्यों में 20 हजार करोड़ रूपये निवेश कर चुके हैं, जोकि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।
यह कहते हुए कि आप सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान इस स्थिति के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है सरदार बादल ने कहा,‘‘ उद्योगपत्तियों ने मुझे बताया कि उनके कई साथियों ने जबरन वसूली की रकम देना उचित समझा क्योंकि राज्य सरकार गैंगस्टरों पर अंकुश लगाने में विफल रही है।’’ उन्होने यह भी खुलासा किया कि उद्योगपत्तियों ने उन्हे बताया कि उन्हे आप सरकार से एक भी रियायत नही मिली है और इसके अतिरिक्त उनके बिजली बिल भी बढ़ा दिए गए हैं, जिससे उनका व्यवसाय को अव्यहवारिक हो गया है। उन्होने कहा कि कुछ उद्योगपत्तियों ने यह भी बताया कि उन्हे कच्चे माल की आपूर्ति में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उनके समकक्ष मौजूदा स्थिति में उनसे निपटने को लेकर आशंकित हैं।
पंजाब में निवेश के माहौल में गिरावट पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी गैंगस्टर कल्चर और ड्रग्ज को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। अकाली दल दोनों मुददों पर जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाएगा। उन्होने कहा कि इसके साथ ही पूर्ववर्ती अकाली सरकार के दौरान स्थापित पंजाब निवेश विभाग को बहाल किया जाएगा और राज्य को एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनाने के लिए निवेशकों को पर्याप्त रियायतें दी जाएंगी। उन्होने कहा कि छोटे पैमाने पर औद्योगिक व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई पाॅलिसी बनाई जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उद्योग को सही मूल्य पर सुनिश्चित बिजली उपलब्ध हो। यह कहते हुए कि शांति और साम्प्रदायिक सदभाव प्रगति के लिए बेहद आवश्यक है, सरदार बादल ने कहा,‘‘यह बेहद निंदनीय है कि सभी राष्ट्रीय पार्टियां यह बताने के बजाय कि वे व्यापार और उद्योग , किसानों और आम आदमी के लिए क्या करेंगें , देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटने पर तुले हुए हैं।’’ उन्होने लोगों से चुनाव मैदान में उतरे सभी पार्टियों की साख के साथ साथ उनके पिछले ट्रैक रिकाॅर्ड की जांच करने की भी अपील की है। उन्होने कहा,‘‘ मैं गर्व से कह सकता हूं कि अकाली दल एकमात्र पार्टी है , जिसके पास अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का एक सिद्ध ट्रैक रिकाॅर्ड है, जबकि सभी अन्य पार्टियां सिर्फ अपने प्रचार में लगी हुई हैं।’’
सरदार बादल ने पंजाबियों से राज्य को बचाने के लिए पंजाब बचाओ यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। उनके साथ वरिष्ठ नेताओं में रंजीत सिंह ढिल्लों, हीरा सिंह गाबड़िया, गुरमीत सिंह कुलार, भूपिंदर सिंह भिंदा, जसपाल सिंह गियासपुरा और जगबीर सिंह सोखी भी मौजूद थे। इससे पहले पंजाब बचाओ यात्रा जिसे खन्ना में भारी समर्थन मिला, अकाली दल अध्यक्ष ने पंजाबियों से राज्य के विकास के लिए अपनी क्षेत्रीय पार्टी का समर्थन करने की अपील की। उन्होने यात्रा के सफल आयोजन के लिए वरिष्ठ नेता यादविंदर सिंह यदु को बधाई देने के अलावा लोगों से पार्टी के उम्मीदवार बिक्रमजीत सिंह खालसा को पूरे दिल से समर्थन देने की भी अपील की। यात्रा के दौरान समाज के सभी वर्गों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया और इस अवसर पर वाल्मीकि समुदाय और सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर अकाली दल अध्यक्ष के साथ महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, मनप्रीत मान, हरचरन सिंह गोहलवारिया भी उपस्थित थे।
