NCERT ने 11वीं-12वीं कक्षाओं के सिलेबस में किया बदलाव, बाबरी मस्जिद, हिंदुत्व की राजनीति से जुड़े संदर्भ हटाए
नई दिल्ली – राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी NCERT ने कुछ कक्षाओं के सिलेबस में अहम बदलाव किया है। यह बदलाव 11वीं-12वीं कक्षा की पॉलिटिकल साइंस के सिलेबस में किया गया है। नए सिलेबस के तहत बाबरी मस्जिद, हिंदुत्व की राजनीति, 2002 के गुजरात दंगों, मणिपुर और अल्पसंख्यकों से जुड़े कई संदर्भ हटा दिए गए हैं। ये बदलाव NCERT की नई किताबों में कब से देखने को मिलेंगे, यह अभी साफ नहीं है, क्योंकि नया सेशन शुरू हो गया है और ये किताबें अभी बाजार में नहीं आई हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में, एनसीईआरटी द्वारा कक्षा 12 के छात्रों के लिए डिजाइन की गई इतिहास की पाठ्यपुस्तक में संशोधन के बारे में खबर सामने आई थी, जिसमें हड़प्पा सभ्यता के उद्भव और पतन पर विशेष जोर दिया गया था। ये संशोधन आगामी शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए स्कूली पाठ्यपुस्तकों को तर्कसंगत बनाने की एनसीईआरटी की चल रही प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
