रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संयुक्त कार्यकत्र्ता सम्मेलन को संबोधित किया
कैथल, आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष, कुरुक्षेत्र लोकसभा से इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डा. सुशील गुप्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी रणदीप सुरजेवाला ने किसान भवन में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संयुक्त कार्यकत्र्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
इसमें कुरुक्षेत्र लोकसभा से संबंधित कैथल के सभी हलकों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस वर्कर शामिल हुए। इससे पूर्व, कश्यप धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में सुल्तान कश्यप और नरेश कश्यप ने डा. सुशील गुप्ता की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में 30 से ज्यादा पेपर पेपर लीक हो चुके हैं। बेरोजगारी का आलम ये है कि प्रदेश के युवा विदेशों में पलायन कर रहे हैं।
सरेआम गोलियां चलाकर लोगों की हत्या हो रही है। पूरे हरियाणा के अन्दर जंगल राज चला हुआ है, जब मुख्यमंत्री खट्टर से पूछा जाता है कि आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बोल रहे हैं कि प्रदेश में जंगलराज है तो वे बोलते हैं कि मैं आंकड़ों के साथ जवाब दूंगा। मैं मुख्यमंत्री खट्टर से पूछना चाहता हूं कि आपके पास कोई आंकड़े नहीं हैं, आपके पास कोई जवाब नहीं है। अगर आप जवाब चाहते हैं तो कुरुक्षेत्र से आकर चुनाव लड़ें यहां की जनता आपको जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि नायब सैनी की बात करूं तो वह यहां के 90 प्रतिशत से ज्यादा गांवों में सांसद बनने के बाद कभी गए ही नहीं हैं। चौधरी रणदीप सुरजेवाला ने संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा 15 मार्च तक हो जाएगी। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन तहत अपने साझे उम्मीदवार की घोषणा कर दी है इसलिए आज से ही इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकत्र्ताओं को हर गांव और हर वार्ड तक पहुंचना है। इसके अलावा बूथ कमेटियों, बूथ के अंदर और बाहर बैठने वालों की पहचान करनी शुरू करनी है। ये चुनाव जितना डा. सुशील गुप्ता का है उतना ही रणदीप सुरजेवाला और हर कार्यकत्र्ता का है।
