February 21, 2026

लुधियाना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और अपग्रेड किये जाने का कार्य तेजी से चल रहा

लुधियाना : इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले लुधियाना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और अपग्रेड किये जाने का कार्य तेजी से चल रहा है।लुधियाना से सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा द्वारा राज्यसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह इसकी मांग उठाए जाने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 528.95 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी थी। अरोड़ा ने लुधियाना और उसके निवासियों के व्यापक हित में अपनी मांग पर जोर देने के लिए वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी की थी। शहर का रेलवे स्टेशन वर्ष 1860 में ब्रिटिश शासन के दौरान स्थापित किया गया था। और, तब से, इस रेलवे स्टेशन जोकि एक जंक्शन भी है, का कभी भी कोई बड़ा नवीनीकरण नहीं हुआ है।आज यहां परियोजना के बारे में अधिक जानकारी देते हुए अरोड़ा ने कहा कि परियोजना एक निजी ठेकेदार को आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने उन्हें सूचित किया है कि परियोजना का अनुबंध मूल्य 472.94 करोड़ रुपये है। लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) 19 दिसंबर, 2022 को जारी किया गया और काम 2 फरवरी, 2023 को शुरू हुआ था। अरोड़ा को 23 फरवरी, 2024 तक परियोजना की स्थिति से अवगत कराया गया है। स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार, भू-तकनीकी जांच और सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार, स्थानांतरण का 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मल्टी लेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी) के संबंध में, स्टेटस रिपोर्ट से पता चलता है कि दूसरी मंजिल के स्लैब का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष स्टील बाइंडिंग का काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि वह अब तक किये गये काम से संतुष्ट हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सब कुछ तय समय सीमा के मुताबिक होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुनर्विकसित और उन्नत लुधियाना रेलवे स्टेशन शहर और इसके निवासियों के लिए एक प्रमुख संपत्ति होगी। परियोजना पूरा होने का समय 2025 की पहली छमाही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *