February 12, 2026

धर्मशाला में कांग्रेस और सुधीर समर्थकों के बीच झड़प, डेढ़ घंटे तनावपूर्ण रहा माहौल

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रखा था कांग्रेस के बागी विधायकों का पुतला फूंकने का कार्यक्रम

धर्मशाला : प्रदेश कांग्रेस में चले घमासान के बीच वीरवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक सुधीर शर्मा के समर्थकों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों तरफ से शुरू हुई नारेबाजी हल्की झड़प में भी तबदील हुई लेकिन मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दोनों गुटों के समर्थकों की झड़प को ज्यादा नहीं बढऩे दिया और इसे शांत करवाया। हालांकि डेढ़ घंटे तक धर्मशाला के कचहरी चौक में माहौल तनावपूर्ण रहा और पुलिस कर्मियों के साथ ही क्यूआरटी को भी मौके पर बुलाया गया। जानकारी के अनुसार वीरवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धर्मशाला विधानसभा के पूर्व में उपचुनावों के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार रहे विजय इंद्र कर्ण के नेतृत्व में कचहरी में कांग्रेस के बागी विधायकों के खिलाफ रोष प्रदर्शन और पुतला फूंकने का कार्यक्रम रखा था। इसके लिए समर्थक भी कचहरी चौक में जुटना आरंभ हो गए। दोपहर बाद साढ़े 3 बजे विजय इंद्र कर्ण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू की। वहीं दूसरी तरफ सुधीर शर्मा के समर्थक भी चौक में पहुंच गए और पुतले की तलाश करने लगे। कुछ देर तक विजय इंद्र कर्ण के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे लेकिन इसके बाद सुधीर समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। माहौल इतना तनावपूर्ण हुआ कि दोनों गुटों के समर्थक आपस में गुत्थमगुत्था होने को उतारू हो गए और हल्की झड़प भी हुई लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने दोनों गुटों के समर्थकों को अलग-अलग कर दिया। सुधीर समर्थक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी राणा ने कहा कि खुद को कट्टर कांग्रेसी कहने वाले जो नेता यहां आए हैं, ये चुनावों के दौरान कहां गायब थे। हम किसी को भी सुधीर शर्मा का पुतला नहीं जलाने देंगे। वहीं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने कहा कि जिन्होंने धर्मशाला उपचुनाव, नगर निगम चुनाव और अभी भी पार्टी विरोधी काम किया है व आए दिन भाजपा जाने की बातें सुनाने वाले अब भाजपा में चले ही गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *