नया टैक्स नहीं लगाने तथा किसानों के फसली ऋण पर ब्याज माफी की घोषणा को ऐतिहासिक कदम:नायब सैनी
चंडीगढ़: हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा वित्त मंत्री के रूप में पेश किए गए 2024-25 के बजट को विकसित भारत, विकसित हरियाणा का निर्माण करने वाला मनोहारी बजट बताया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का कोई नया टैक्स नहीं लगाने तथा किसानों के फसली ऋण पर ब्याज माफी की घोषणा को ऐतिहासिक कदम बताया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मनोहर लाल ने बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा है। नायब सैनी ने कहा कि बजट में इस बार मध्यम वर्ग को सरकार ने आयुष्मान और चिरायु कार्ड का तोहफा देकर सराहनीय कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वांगीण, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बजट पेश किया है। नायब सैनी ने हरियाणा एक, हरियाणवीं एक के प्रण को मजबूत करने वाले इस बजट के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। नायब सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 1,89,876.61 करोड़ रुपये का बजट में राजस्व परिव्यय के रूप में 1,34,456.36 करोड़ रुपये और पूंजीगत परिव्यय के रूप में 55,420.25 करोड़ रुपये शामिल कर हरियाणा को विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा इससे राज्य का आधारभूत ढांचा तो मजबूत होगा ही साथ ही रोजगार के भी नए अवसर खुलेंगे। नायब सैनी ने कहा कि मनोहर सरकार की सोच किसान हितैषी रही है। इस बजट में मुख्यमंत्री ने लवणीय और जल भराव वाली 62,000 एकड़ भूमि का सुधार करने का लक्ष्य रखा है जोकि सराहनीय कदम है। राज्य की सफाई व्यवस्था अच्छी हो इसका भी बजट में प्रावधान किया गया है। सरकार 7326 नए सफाई कर्मियों के पद आगामी दिनों में सृजित करेगी।
