March 14, 2026

सड़क के साथ लगने वाले क्षेत्रों के विकास में भी तेज़ी आयेगी

चंडीगढ़ : पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा है कि माझा क्षेत्र के दो ऐतिहासिक जिलों अमृतसर और तरनतारन को जोड़ने वाली पुरानी एन.एच-15/54 सड़क को 69.67 करोड़ रुपये की लागत से चार मार्गी सड़क में अपग्रेड किया जायेगा, और इस प्रोजेक्ट की शुरुआत एक फरवरी को की जायेगी। मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने बताया कि इस समय सड़क के इस हिस्से का कैरेज-वे 9.75 मीटर है और लोक निर्माण विभाग के पास अपेक्षित रास्ता उपलब्ध है, इसलिये प्रोजेक्ट के लिए ज़मीन एक्वायर करने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की कुल सिविल लागत 61.24 करोड़ रुपए है और उपयोगिता तबदीली (जंगलात ज़मीन , वृक्षों की कटाई, बिजली और अन्य समेत) की लागत 8.43 करोड़ रुपये है।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि यह दो महत्वपूर्ण जिले पुराने एनएच-15/54 मार्ग द्वारा जुड़े हुए थे और अब इस मार्ग को अमृतसर-बठिंडा मार्ग (एन.एच-54) के द्वारा बाइपास किया गया है। उन्होंने कहा कि नयी सड़क बनने के बाद भी इस मार्ग पर यातायात कई गुना बढ़ गया है और इस मार्ग पर मौजूदा यातायात 50 हजार पी.सी.यू. के करीब है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का अपना महत्व है क्योंकि इस पर कई ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब स्थित हैं।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इसके अलावा यह मार्ग पंजाब शहरी योजना एवं विकास अथॉरिटी के मास्टर प्लान के अधीन भी आता है। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर धान की प्रोसेसिंग के मेगा यूनिट और कई राइस मिलें स्थित हैं और यह अमृतसर के साथ-साथ तरनतारन की बड़ी अनाज मंडियों के लिये पहुँच मार्ग के तौर पर भी काम करता है। मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में लेवल क्रॉसिंग ए-12 पर एम.आर.टी. एंड एच के फंडों के साथ एक नया रेलवे ओवर ब्रिज (आर.ओ.बी.) बनाया गया है और इस मार्ग पर लेवल क्रॉसिंग ए-25 पर एक और आर.ओ.बी जल्दी ही इस प्रोजैक्ट के तौर पर शुरू होने जा रहा है, जो टेंडर प्रक्रिया के अधीन है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को चार-मार्गी करने से न केवल यातायात को आसान बनाने में मदद मिलेगी बल्कि इस सड़क के साथ लगने वाले क्षेत्रों के विकास में भी तेज़ी आयेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *