हड़ताल के चलते आम जनता परेशान
फिरोजपुर : नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ पंजाब के ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवर लामबंद हो गए हैं। इसका असर राज्य के पेट्रोल पंपों पर भी पडऩे लगा है। अगर आज शाम तक हड़ताल खत्म नहीं हुई तो पेट्रोल पंप मालिकों के अलावा आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। राज्य के 45 फीसदी पेट्रोल पंप ड्राई होने की संभावना है, यानी उनमें तेल खत्म हो जाएगा। इसके बाद लोगों के पास अपने वाहन पार्क करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। पंजाब के 23 जिलों में करीब 3600 पेट्रोल पंप हैं। जहां मुख्य रूप से बठिंडा, जालंधर और संगरूर से टैंकरों में तेल की आपूर्ति की जाती है। इस काम में ट्रक, टैंकर पिकअप और कई अन्य प्रकार के वाहनों का उपयोग किया जाता है। हालांकि तेल कंपनियों के पास अपनी गाडिय़ां भी हैं, लेकिन हड़ताल के कारण तेल कंपनियों की गाडिय़ां भी तेल की ढुलाई नहीं कर पा रही हैं. हड़ताली डिपो से ईंधन नहीं भरने दे रहे हैं. सरकार और तेल कंपनियां भी हड़ताल को लेकर गंभीर हैं। ऐसे में सरकार और तेल कंपनियां हड़ताल पर गए ऑपरेटरों से बातचीत कर रही हैं ताकि सामान्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। उम्मीद है कि शाम तक कोई समाधान निकाल लिया जाएगा। अगर कोई समाधान नहीं निकला तो स्थिति और खराब हो जायेगी।
