February 15, 2026

बाग़बानी बनेगा पंजाब के किसानों का अगला लक्ष्य, सरकार देगी हर मदद: चेतन सिंह जौड़ामाजरा

कहा, किन्नू बाग़बानों की मंडीकरण सम्बन्धी और अन्य सभी मुश्किलों का होगा समयबद्ध समाधान

बाग़बानी मंत्री ने अबोहर पहुँचकर सुनी किन्नू उत्पादकों की मुश्किलें

चंडीगढ़/फाजिल्का, पंजाब के बाग़बानी मंत्री स. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि सरकार राज्य में बाग़बानी को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। सिटरस एस्टेट अबोहर में किन्नू बाग़बानों की मुश्किलें सुनने के उपरांत उनके साथ बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार किन्नू बाग़बानों की सभी मुशकलों को पहल के आधार पर हल करेगी। कैबिनेट मंत्री ने किन्नू बाग़बानों की मंडीकरण सम्बन्धी समस्याओं के बारे में ज़िला मंडी अफ़सर को मौके पर ही हिदायत की कि मंडी को सही तरीके से चलाया जाए और यदि मंडी में कोई पूल करके किसानों को उचित कीमत मिलने में रुकावट पैदा करता है तो उसके खिलाफ़ कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने हिदायत की कि किन्नू मंडी में आने वाले हरेक किसान को फ़सल बिक्री के बाद जे-फॉर्म जारी किया जाना सुनिश्चित बनाया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने ज़िले के बाग़वानों से अपील की कि वह समूहों में बाग़बानी करें और अपने फलों की प्रोसेसिंग और मंडीकरण के लिए साझे प्रयास करें ताकि उनकी आमदन बढ़ सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इसमें सब्सिडी देने के अलावा अन्य हर प्रकार की संभव मदद की जाएगी।

स. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने किसानों को कहा कि बाग़बानी के लिए नहरी पानी बहुत ज़रूरी है और राज्य सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि किन्नू बाग़बानों को उनकी ज़रूरत के समय अनुसार पूरा पानी नहरों की टेलों तक पहुँचे।

उन्होंने किसानों को भी सुझाव दिया कि वह बाग़ों में तुपका सिंचाई प्रणाली को अपनाएं ताकि पानी की अधिक से अधिक बचत की जा सके और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्राकृतिक संसाधन बच सकें।

उन्होंने आश्वासन दिया कि बाग़बानी विभाग की विभिन्न योजनाओं की पुनः समीक्षा की जाएगी ताकि नई ज़रूरतों के अनुसार किसानों को ज़्यादा सब्सिडी दी जा सके। इसके अलावा नई ज़रूरतों के अनुसार अन्य योजनाएं भी शुरू की जाएंगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि फलों की स्टोरेज के लिए पंजाब सरकार कोल्ड स्टोर बनाने पर 40 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है और ऐसा करने से किसान स्व-मंडीकरण के लिए आगे आकर अपनी आमदन में और वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने पंजाब एग्रो की जूस फैक्ट्री का भी ज़्यादा से ज़्यादा लाभ किसानों को देने के लिए प्रयास शुरु करने का आश्वासन दिया।

कैबिनेट मंत्री ने ऐलान किया कि किन्नू के बाग़ों में तुपका सिंचाई के लिए बनी डिग्गियां पर सोलर पंप सिस्टम लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है।

इसके बाद उन्होंने किन्नू के बाग़ों का निरीक्षण भी किया और किसानों से फ़सल की स्थिति के बारे में जाना। इस मौके पर किसानों ने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा इस बार दिए गए नियमित और पूरे नहरी पानी के कारण किन्नू की बंपर फ़सल हुई है। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मंडीकरण सम्बन्धी समस्याओं का भी स्थायी समाधान किया जाएगा।

इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. सेनू दुग्गल, बाग़बानी विभाग की डायरैक्टर शैलिन्दर कौर, पूर्व विधायक अरुण नारंग, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल रविन्दर सिंह अरोड़ा, सहायक डायरैक्टर बाग़बानी जगतार सिंह, इन्दरजीत सिंह बजाज, सुनील सचदेवा चेयरमैन ज़िला योजना बोर्ड और इलाके के बुद्धिमान बागबान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *