February 19, 2026

बेरोजगार परिवारों को आजीविका प्रदान करने में मनरेगा योजना लाभकारी :सीईओ

जिला परिषद की सीईओ डॉ सुभीता ढाका ने गांव कबलाना में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण

झज्जर, जिला परिषद की सीईओ डॉ सुभीता ढाका गांव कबलाना पहुँची और गांव में मनरेगा स्कीम के अंतर्गत चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) स्कीम के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों से मनरेगा योजना के तहत अधिक से अधिक कार्य कराने का आह्वान भी किया। इस बीच उन्होंने मनरेगा श्रमिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत किए जा रहे कार्यों में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता का ध्यान रखने के निर्देश दिए तथा कार्य कर रहे मजदूरों को प्रोत्साहित भी किया। मनरेगा योजना एक ऐसी महत्वाकांक्षी योजना है जिसके द्वारा 100 दिन के रोजगार की गारंटी नागरिकों को प्रदान की जाती है, इस योजना का आरंभ गरीब और बेरोजगार परिवारों को आजीविका प्रदान करने हेतु किया गया है। ऐसे नागरिक जो इस योजना का लाभ प्राप्त करना चाहते है, उन्हें इसके लिए पंजीकरण करना होता है, पंजीकरण होने के पश्चात नागरिकों को जॉब कार्ड प्रदान कर दिया जाता है।
इस अवसर पर पंचायतीराज विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव शर्मा, बीडीपीओ युद्धवीर सिंह, एबीपीओ सुनील कुमार सहित ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *