मनरेगा के तहत पंजीकृत व्यक्ति को मिले एक वर्ष में 100 दिन कार्य की गारंटी : जयकृष्ण आभीर
हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक डा. जयकृष्ण आभीर ने जिला के विभिन्न गांवों में मनरेगा के तहत करवाएं गए कार्यों का निरीक्षण
झज्जर, हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक डा. जयकृष्ण आभीर ने जिला झज्जर में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक पंजीकृत व्यक्ति को एक वर्ष में 100 दिन काम अवश्य दिया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गांव हसनपुर में पौधारोपण भी किया। डा. जयकृष्ण आभीर ने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास ही रोजगार उपलब्ध करवाना है, ताकि रोजगार के लिए उन्हें कहीं दूसरे स्थान पर ना जाना पड़े, उन्होंने कहा कि मनरेगा में प्रत्येक पंजीकृत व्यक्ति को एक वर्ष में 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। मनरेगा में किए गए काम का मानदेय सीधा काम करने वाले व्यक्ति के बैंक खाता में आता है। उन्होंने शनिवार को जिला के गांव चांदपुर, हसनपुर, तलाव, गोयला कला, लोवा खुर्द, खेरका गुर्जर, डाबोदा खुर्द, सिदीपुर, लोवा कला व ईशरहेड़ी में मनरेगा के तहत चल रहे अमृत सरोवर, नहरों की सफाई, वाटर वर्क्स की सफाई व ग्राम पंचायतों में किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ने ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि वे गांव की सफाई आदि के लिए भी इस योजना के तहत कार्य करवा सकते है। सभी ग्राम पंचायतें इसी योजना के तहत अधिक से अधिक विकास कार्य करवाएं, ताकि लोगों को रोजगार भी मिले। इस अवसर पर अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा एबीपीओ संदीप कुमार, हिम्मत सिंह, अजय कुमार, सुनील कुमार कनिष्ठ अभियंता योगेश, अनिल, मंजीत, गजेंद्र व ग्राम सचिव दीपक उपस्थित रहे।
