स्वच्छता के लिए घर के आसपास साफ-सफाई जरूरी : सीईओ
बेरी खंड के गांवों में चलाया गया सफाई अभियान
बेरी (झज्जर), राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा की शुरूआत हो चुकी है। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सुभिता ढ़ाका के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा पखवाडा के तहत निरंतर स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में स्वच्छता ही सेवा पखवाडा के प्रथम दिन खंड बेरी स्थित बीडीपीओ कार्यालय परिसर में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजाराम की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
जिला परिषद की सीईओ डा सुभीता ढाका ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व शहरी के अन्तर्गत दो अक्टूबर 2023 तक स्वच्छता ही सेवा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के लिए जन आंदोलन का उत्सव मनाने के लिए दो अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में मनाया जाता है।
सीईओ ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के रूप में स्वच्छता ही सेवा पखवाडा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व शहरी द्वारा सयुंक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा 2023 का थीम ‘कचरा मुक्त भारत’ है जिसमें साफ-सफाई और सफाई मित्रों के सम्मान / कल्याण पर ध्यान दिया गया है। इन स्वच्छता अभियानों का ध्यान ग्रामीण व शहरी दोनों इलाकों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पर्यटन स्थल, चिडिय़ाघर, राष्ट्रीय उद्यान और अभ्यारण, ऐतिहासिक स्मारक, विरासत, तालाब किनारे, घाट, नालियां और नालों आदि जैसे अधिक भीड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर होगा।
दूसरी ओर बेरी की खंड समन्वयक पूनम सैनी ने बताया कि ग्राम पंचायत भागलपुरी में सरपंच अमित सैनी ने पौधारोपण करते हुए स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में आमजन को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्य सडक़ के पास साफ-सफाई कर अभियान चलाया गया।
वहीं ग्राम पंचायत दूबलधन किरमान में सरपंच अनीता व स्वच्छाग्रही पवन ने मुख्य गली की नालियों की सफाई कर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में ग्रामीणों से सहभागी बनने का आहवान किया गया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत दूबलधन घिकायण मे संगीता ने बैंक वाली गली की सफाई कर पखवाडा कार्यक्रम की शुरूआत की ।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि जितेन्द्र, पंच रेखा, सुरेंद्र ,शमशेर, बलजीत ,सफाई कर्मचारी मोनू, सतीश, कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र,ग्राम सचिव प्रवीण का सहयोग सराहनीय रहा।
