झज्जर जिला में 15 सितम्बर से शुरू होगा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा : सीईओ
झज्जर, जिला परिषद झज्जर के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में दो अक्टूबर तक जिलाभर के सभी गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला के सभी गांवों में ग्रामीणों तथा सरकारी विभागों के सहयोग से सफाई की मुहिम चलाई जाएगी। यह जानकारी डीआरडीए की सीईओ डा सुभीता ढाका ने लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक में दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक झज्जर जिला में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस पखवाड़े का शेड्यूल जारी किया गया है कि किस दिन किस विभाग के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सीईओ डा सुभीता ढाका ने बताया कि 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक जिला में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में समाजसेवी,स्कूली विद्यार्थी,स्वच्छता प्रहरियों सहित अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहेगा। उन्होंने बताया कि गांव के सभी आंगनवाड़ी सैंटर, ग्राम सचिवालय, स्कूल, पंचायत भवन, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक शौचालय, फिरनी, तालाब,ऐतिहासिक स्थलों आदि के आसपास सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी,जनस्वास्थ्य विभाग, ग्राम सचिव, सरकारी स्कूल के मुखिया व अध्यापक, स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर आदि सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े के दौरान गांवों में सफाई के प्रति जागरूकता लाने के लिए जन चेतना रैली निकाली जाएंगी व विभिन्न गतिविधियां करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगा दिया है। इसलिए प्लास्टिक के सामान का प्रयोग बंद करने पर विशेष बल इस अभियान में दिया जाएगा।
