February 15, 2026

नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले युवा पीढ़ी : डीसी

हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने नृत्य-गायन प्रस्तुतियों की दी मनोहारी प्रस्तुतियां

झज्जर, 05 सितंबर।
ड्रग्स फ्री हरियाणा के संदेश को जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर शुरू की गई प्रदेश स्तरीय साईकिल रैली के सम्मान में सोमवार की शाम गांव खातीवास स्थित संस्कारम ग्रुप ऑफ एजुकेशन परिसर में सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नशे को जड़ से खत्म करने के लिए किये जा रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए साईकिल रैली का आयोजन अनुकरणीय है। कार्यक्रम का डीसी कैप्टन शक्ति सिंह,एसपी डॉ अर्पित जैन, प्रख्यात बॉलीवुड कलाकार गजेंद्र फोगाट,लोकसभा संयोजक आनंद सागर,शिक्षाविद महिपाल यादव ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्कारम संस्थान के चेयरमैन महिपाल यादव ने सभी मुख्य मेहमानों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
जिला प्रशासन के संयोजन में सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग के विशेष सहयोग से सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों के साथ विद्यार्थियों ने दमदार प्रस्तुतियां देते हुए नशे के खिलाफ जोरदार अलख जगाने का प्रयास किया। कार्यक्रम की शुरुआत सूचना, जनसंपर्क विभाग के जिला कार्यालय की भजन मंडलियों ने की। भजन पार्टी टीमों ने रागिनियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी (पब्लिसिटी) गजेंद्र फोगाट के निर्देशन में बेहतरीन नृत्य-गायन की प्रस्तुतियां दी। प्रख्यात कलाकार गजेंद्र फोगाट ने स्वयं देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। साथ ही ब्रेक थ्रू संस्था के कलाकारों ने हमारी समस्या-हमारा प्रयास नाटक की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा। हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने हरियाणवी समूह नृत्यों की भी शानदार प्रस्तुतियां दी।
इस दौरान ब्रिगेडियर रण सिंह पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने नशा से मुक्त प्रदेश नामक गीत पर समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी,जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। संस्कारम ग्रुप ऑफ एजुकेशन की छात्राओं ने नशा मुक्ति पर गीत की प्रस्तुति दी। मास्टर महेंद्र ने अपने चुटकुलों से लोगों का खूब मनोरंजन किया।
देश और प्रदेश हित में नशे की चैन जोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी: कैप्टन शक्ति सिंह
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह अनूठी मुहिम चलाई है ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में युवा पीढ़ी का अहम योगदान है,युवा पीढ़ी नशे जैसी बीमारी से दूर रहते हुए अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
डीसी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को लेकर टोल फ्री नम्बर 8030305020 जारी किया गया है,जिस पर नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना दे सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षण संस्थाओं और प्रशासन के अधिकारियों को बधाई दी।
डी सी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सार्थक पहल नि:संदेह झज्जर सहित समस्त हरियाणा को नशा मुक्त बनाने में सफल होगी। साइक्लोथॉन रैली में संतों का आर्शीवाद भी प्रतिभागियों को मिला है। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे : एसपी
इस अवसर पर एसपी डॉ अर्पित जैन ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें युवा पीढ़ी को नशे की लत लगाकर देश को खोखला करना चाहती हैं,देश और प्रदेश को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए हमें नशे की बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना है,साथ ही सरकार द्वारा जारी टोलफ्री नम्बर पर नशे संबंधी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने साइक्लोथॉन में भाग ले रहे प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *