February 15, 2026

तीज त्यौहार हमारे जीवन में प्यार-मोहब्बत, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे के रंग भरते है : राज्यपाल

चंडीगढ़ ,  हरियाणा राजभवन में आज राज्य स्तरीय भव्य तीज उत्सव का आयोजन किया गया। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाली तीज पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई व शुभकमानएं देते हुए प्रदेश के लोगों के लिए खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि तीज त्यौहार हमारे जीवन में प्यार-मोहबत, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे के रंग भरते है और यह हमारे देश की महान प्राचीन सभ्यता, संस्कृति एवं परम्पराओं के परिचायक हैैं। तीज त्यौहार हमारी  संस्कृति की विरासत है, जिन्हें सहेजकर रखना हम सबकी सांझी जिम्मेदारी है। तीज त्यौहार महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देने मे सहायक हैं। विशेषकर तीज पर्व को महिलाओं का पर्व माना जाता है इसलिए महिलाएं इस पर्व को और ज्यादा हर्ष और उल्लास के साथ मनाती है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत के लोग एक दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं और एक दूसरे के त्योहारों का हिस्सा बनते हैं। सभी त्योहारों का अपना-अपना विशेष महत्व होता है। देश में होली, तीज, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, नवरात्रि, दशहरा, दीपावली, ईद, गुरुपर्व जैसे अनेक त्यौहार सभी लोग प्रेम-प्यार के साथ मिलजुल कर मनाते हैं। यही हमारे महान देश की एकता व अखंडता का प्रतीक हैं।

तीज उत्सव को आकर्षक और खुशनुमा बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों, मेहँदी एवं चुडियां की स्टाल के साथ-साथ पुरानी परम्परा के अनुरूप महिलाओं और बच्चों के लिए पेड़ों पर रस्सी के झूले भी लगाए गए तथा सारे राजभवन को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न कलाकारों के समूह ने अनेकांे   सांस्कृतिक प्रस्तुतियां का प्रदर्शन करके सभी का मन मोह लिया। सभी कलाकारों ने कार्यक्रम में नया रंग, उमंग और उत्साह भर दिया।

इस अवसर पर माननीया लेडी गवर्नर श्रीमती वसंथा बंडारु, पंजाब के माननीय राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान, भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन, हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल, राज्यपाल के सचिव अतुल द्विवेदी, हरियाणा के महाधिवक्ता बलदेव राज महाजन, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी आलोक मित्तल, राज्यपाल के एडीसी अर्श वर्मा व मोहन कृष्णा पी, राज्यपाल के संयुक्त सचिव अमरजीत सिंह, राज्यपाल के ओएसडी बखविंदर सिंह, नियंत्रक एवं निदेशक राजभवन जगन्नाथ बैंस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *