हर्षोल्लास से मनाई जाएगी स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ: बादल दीन
सचिन सोनी, श्री आनंदपुर साहिब,
स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ उपमंडल स्तर पर एसजीएस खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री आनंदपुर साहिब में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी, जिसके लिए 09, 10 अगस्त को रिहर्सल और 11 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। 15 अगस्त को सब डिविजनल मजिस्ट्रेट मनीषा राणा आईएएस राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। इस संबंध में बादल दीन तहसीलदार श्री आनंदपुर साहिब ने आज स्थानीय एसजीएस खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के चयन के अवसर पर बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह बहुत ही प्रभावशाली ढंग से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को याद रखना है, हमें उन देशभक्तों को भी याद रखना है, जिनकी वजह से हमें यह आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि आज एसजीएस खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री आनंदपुर साहिब, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बासोवाल, श्री गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री आनंदपुर साहिब, भाई नंद लाल पब्लिक स्कूल, आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोदीपुर सहित कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। मार्च पास्ट में कई अन्य टीमें भाग ले रही हैं, साथ ही बैंड, पीटी शो और अन्य देशभक्ति गतिविधियां भी कार्यक्रम का आकर्षण होंगी। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से कहा कि इस कार्यक्रम में और अधिक उत्साह भरें, यह हमारा सबसे बड़ा त्योहार है, जिसे सभी को मिलजुल कर मनाना है। इस मौके पर प्रिंसिपल सुखपाल कौर वालिया, अजय बैंस, रणजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
