मौसमी बीमारियों से सावधान रहना जरूरी, लापरवाही पड़ सकती है भारी
डेंगू मलेरिया से बचाव के लिए साफ सफाई का रखें विशेष ध्यान
चरखी दादरी, उपायुक्त प्रीति ने कहा है कि बरसात के मौसम दौरान फैलने वाली बिमारियों से बचाव के लिए सावधानी रखनी जरूरी है। लापरवाही के चलते डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी बीमारी भी खतरनाक साबित हो सकती है। जिला में स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के माध्यम से फोगिंग और संबंधित क्षेत्र में लारवा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।
उपायुक्त ने जिला के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि सभी लोगों को मिलकर मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रयास करने चाहिए। प्रशासन की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के द्वारा क्षेत्र में फोगिंग और लारवा को मारने के लिए अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। जहां भी पानी जमा होने की समस्या है वहां विभाग की ओर से विशेष फोकस कियसा जा रहा है। तालाबों, पार्कों और रिहायसी कालोनियों में भी अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू मलेरिया के मरीजों के क्षेत्र विशेष पर भी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनजागरण बहुत कारगर होता है और लोगों को अपने व अपने परिजनों के स्वास्थ्य के लिए आगे आना चाहिए। बरसात के मौसम में विभिन्न स्थानों पर पानी जमा हो जाता है और उसमें मच्छर पनपने लगते हैं। यही मच्छर डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारी का कारण बनते हैं। इसलिए अपने आसपास पानी को इक्टठा ना होने दें। हर सप्ताह अपने कूलर व पानी के टैंक को साफ करें।
उपायुक्त ने कहा कि साफ वातावरण बेहद जरूरी है। इसलिए सभी को मिलकर सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। गंदगी के कारण भी बीमारी फैलने का डर बना रहता है। हालांकि प्रशासन की ओर से सफाई की व्यवस्था की जाती है, फिर भी लोगों का सहयोग हर क्षेत्र में जरूरी है। उन्होंने कहा कि बीमारियों की रोकथाम के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। सरकार और प्रशासन लोगों की सुरक्षा में लगा रहता है। ऐसे में लोगों को भी स्वयं अपना ख्याल रखना चाहिए।
