कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 6 फ्लाइट कैंसिल
110 से ज्यादा लेट; 80 ट्रेनें घंटों देरी से चली
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। रविवार सुबह राजधानी में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे फ्लाइट और रेल सेवाएं बाधित हुईं। कोहरे के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। वहीं, सुबह के समय शीतलहर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर एडवाइजरी जारी कर कहा, “दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग और टेक-ऑफ जारी है, लेकिन कैट III मानकों का पालन न करने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे फ्लाइट संबंधी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।”
दिल्ली-पुणे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के करीब 200 यात्रियों को फ्लाइट में साढ़े सात घंटे तक बैठाए रखा गया। फ्लाइट (आईएक्स-1176) को शुक्रवार को रात 9.40 बजे दिल्ली से उड़ान भरनी थी और रात 11.50 बजे पुणे में लैंडिंग होनी थी, लेकिन विमान आखिरकार शनिवार को सुबह 7.30 बजे दिल्ली से रवाना हुआ।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई उड़ानें देरी से चल रही है। कोहरे के कारण सुबह 8 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 6 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 114 उड़ानों में औसतन 18 मिनट की देरी हुई। इससे पहले शनिवार को भी IGI एयरपोर्ट पर करीब 48 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं और 564 उड़ानों में देरी हुई थी।
वहीं, घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। उत्तर रेलवे ने बताया कि 59 ट्रेनें छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं. जबकि 22 ट्रेनें करीब आठ घंटे की देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 5.30 बजे दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल इस समय शहर का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड ने बेघर लोगों को आश्रय देने के लिए 235 पैगोडा टेंट लगाए हैं। एम्स, लोधी रोड और निजामुद्दीन फ्लाईओवर समेत राजधानी के कई इलाकों में रैन बसेरे बनाए गए हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।
