February 19, 2026

हिमाचल में बर्फबारी के बाद 350 सड़कें बंद

विक्रमादित्य सिंह बोले- जल्द खोला जाएगा रास्ता
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना हो गया है। देश के अलग-अलग राज्यों से सैलानी भी राज्य का रुख कर रहे हैं, लेकिन बर्फबारी के कारण प्रदेश में यातायात प्रभावित हुआ है। कई रास्ते बंद होने के बाद प्रशासन द्वारा मंगलवार को रास्तों को खोलने का काम शुरू किया गया है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि शिमला में कई स्थानों पर अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके चलते चौपाल, खड़ापत्थर, देहा, माड़वग जैसे स्थानों पर बर्फबारी के कारण यातायात बंद हो गया था, उसे खोलने का काम शुरू किया गया है। शिमला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में भी सभी मार्ग खोल दिए गए हैं।

अनुपम कश्यप ने कहा, “कुफरी में सोमवार देर रात ऑपरेशन चला कर रास्ते में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया है। आगामी दिनों में बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारियां कर ली गई हैं। आम लोगों से अपील की है कि रास्तों पर फिसलन हो सकती है, ऐसे में एहतियात बरतें।”

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई है। उम्मीद है कि इस बर्फबारी के सकारात्मक परिणाम आने वाले दिनों में बागवानों के लिए दिखेंगे। प्रदेश के राजस्व में बागवानी अहम भूमिका निभाता है। साथ ही प्रदेश के पर्यटन को भी लाभ मिलता है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रास्तों के बंद होने पर कहा कि सोमवार को बर्फबारी के बाद लगभग 350 से अधिक सड़कें बंद हो गई थीं। इसके बाद बड़ी तादाद में मशीनों को रास्ता साफ करने के लिए लगाया गया है। बर्फबारी से निपटने के लिए 268 मशीनें तैनात हैं। 235 सड़कों को बुधवार तक खोल दिया जाएगा और गुरुवार तक 30 सड़कों को भी खोल दिया गया। मौसम साफ रहा तो अगले दो दिनों में सभी सड़कें बहाल होंगी। रिव्यू मीटिंग कर अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। अगले पांच दिन हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यहां टूरिस्ट के भारी तादाद में आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *