March 11, 2026

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जल्द 2800 शिक्षक भर्ती होंगे

शिमला : हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जल्द 2800 शिक्षक भर्ती होंगे। जेबीटी और टीजीटी के 2252 पदों पर बैचवाइज भर्तियां जारी हैं। जल्द ही इनके परिणाम जारी किए जाएंगे। शेष पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से आयोग के माध्यम से भरा जाएगा। ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर में स्थापित किए गए नए भर्ती आयोग के साथ इस बाबत चर्चा जारी है। राज्य सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि शास्त्री शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती को लेकर काउसलिंग जारी है। हाईकोर्ट को जानकारी देने के बाद इसका परिणाम घोषित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहली कक्षा में दाखिलों में छूट देने की अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी। छह साल की आयु में छूट दी जाएगी। सरकारी और निजी स्कूलों में यह अधिसूचना लागू होगी। पूरे देश में यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने देश में सबसे पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया है लेकिन कुछ मामलों में हम पिछड़े हैं। अब इसमें तेजी लाई जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि पहली और दूसरी कक्षा से इस शैक्षणिक सत्र से अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। गणित विषय की अंग्रेजी भाषा में किताबें स्कूलों में उपलब्ध करवाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा के दावे खोखले हैं। उपचुनाव और प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है। लोकसभा चुनाव भी हम ही जीतेंगे। भगवान राम में प्रदेश के लोगों की आस्था है। भगवान राजनीति से ऊपर हैं। कांग्रेस पार्टी विकास के नाम पर चुनाव लड़ने में विश्वास रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *