सरपंच हत्याकांड के 2 मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार
तरनतारन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
तरनतारन, पंजाब के तरनतारन स्थित सिद्धू फार्म में बीते दिनों गांव ठट्ठियां महंतां के सरपंच हरबरिंदर सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तरनतारन पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान इस हत्याकांड में शामिल दो मुख्य आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए तरनतारन के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरिंदर लांबा ने इस मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरपंच हत्याकांड के बाद से ही थाना सरहाली पुलिस और एजीटीएफ की टीमें लगातार विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। इसी कड़ी में जब पुलिस पार्टी गांव नौशहरा पन्नुआं के एक सूए (नहर) के पास गश्त कर रही थी, तभी सामने से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने सरेंडर करने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों द्वारा की गई इस अचानक फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा और आरोपियों को रोकने के लिए जवाबी फायरिंग की। इस गोलीबारी में एक आरोपी की टांग पर और दूसरे के घुटने पर गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को तुरंत काबू कर लिया। प्रारंभिक पहचान में इन दोनों आरोपियों के नाम चोहला साहिब निवासी शरणप्रीत सिंह और हरदीप सिंह सामने आए हैं। एसएसपी के अनुसार, सरपंच की हत्या के समय फायरिंग करने वाले चार शूटर्स में शरणप्रीत सिंह ही मुख्य आरोपी था और वारदात के समय वह शूटर्स के साथ ही मौके पर मौजूद था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों को तरनतारन के सिविल अस्पताल में दाखिल करवा दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरपंच की हत्या एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। अस्पताल से इन दोनों के डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस इन्हें रिमांड पर लेगी और इस मामले में गहन पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड में शामिल अन्य मददगारों, हथियार सप्लाई करने वालों और इस वारदात के पीछे की असली वजह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
