February 15, 2026

हिमाचल के 2.15 लाख राशनकार्ड ब्लॉक

अब डिपुओं में नहीं मिलेगा सस्ता राशन

देसराज शर्मा, शिमला, हिमाचल में राशन कार्ड का ई-केवाईसी न होने के कारण 2.15 लाख राशन अभी ब्लॉक हैं। राशनकार्ड ब्लॉक होने से प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को राशन डिपो में मिलने वाले सस्ते राशन का लाभ नहीं मिलेगा। राशन न मिलने के बाद प्रदेश में एक सप्ताह में करीब 50 हजार लोगों ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है। राशन कार्ड में शामिल परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी जरूरी है। अगर किसी सदस्य की ई-केवाईसी नहीं हुई है, तो उस सदस्य के हिस्से का राशन नहीं दिया जाएगा। देश के राशन डिपुओं में मिलने वाले सस्ते राशन के वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। प्रदेश में सस्ते राशन में होने वाली गड़बड़ की आशंका को रोकने के लिए राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी करवाई जा रही है, जिसके लिए पिछले कई महीनों से निरंतर प्रक्रिया जारी है और लाभार्थियों को बार-बार ई-केवाईसी करवाने का मौका दिया जा रहा है। प्रदेश में करीब 80 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों का ई-केवाईसी किया है, लेकिन इसके बाद भी 20 प्रतिशत कार्ड धारकों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है। प्रदेश के राशनकार्ड धारक पीडीएस एचपी फेस एप्प से घर बैठे ई-केवाईसी करवा सकते हैं। प्रदेश में ई-केवाईसी न होने पर करीब 2.15 लाख राशन कार्ड को ब्लॉक किया गया है। ऐसे में अब इन राशन कार्ड धारकों को ई-केवाईसी न होने तक डिपुओं में राशन नहीं मिलेगा।

प्रदेश में बहुत से उपभोक्ता ऐसे भी हैं, जिनके परिवार से कोई सदस्य विदेशों या फिर देश के अन्य राज्यों में रह रहे हैं। इस तरह परिवार में किसी एक सदस्य की भी ई-केवाईसी न होने पर राशन कार्ड को ही अस्थायी तौर पर ब्लॉक किया गया है। ऐसे में अब एक सदस्य की ई-केवाईसी न होने से राशनकार्ड में दर्ज अन्य सदस्यों को भी डिपुओं में सस्ते राशन की सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। इसको देखते हुए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने एक मोबाइल एप्लिकेशन तैयार की है, जिसके माध्यम से विदेशों और देश की किसी भी राज्य में रह रहे लोग घर में बैठ कर ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इस एप्प से ई-केवाईसी करवाने पर ब्लॉक किया गया, राशनकार्ड अनब्लॉक हो जाएगा और उपभोक्ता पहले की तरह डिपुओं में फिर से सस्ते राशन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

खाद्य आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र राठौर का कहना है कि प्रदेश में या फिर बाहर रह रहे जिन उपभोक्ताओं की ई- केवाईसी नहीं हुई है तो ऐसे लोग अपने मोबाइल फोन पर गूगल प्ले स्टोर पर जाकर ई-केवाईसी पीडीएस एचपी फेस ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, जिसके बाद इस ऐप के माध्यम से विदेशों और अन्य राज्यों में लोग घर बैठे भी ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता लोकमित्र केंद्र या फिर नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर जाकर भी ई-पॉश मशीन के माध्यम स भी ई-केवाईसी करवा सकते हैं, जिसके बाद ब्लॉक हुआ राशनकार्ड अनब्लॉक हो जाएगा और उपभोक्ता डिपुओं में जाकर इस महीने का अपने राशन का कोटा ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *