February 27, 2026

ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाद खाली कर रहे 17 वर्षीय देवराज की करंट लगने से मौत

भीलवाड़ा , राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर एक खेत में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जा गिरा जिससे एक किशोर की मौत हो गई। करंट से टायर में ब्लास्ट हुए और चंद सेकेंड में ट्रैक्टर आग की लपटों से घिर गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाद खाली कर रहे 17 वर्षीय देवराज की करंट लगने से मौत हो गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना अधिकारी नरपत राम ने बताया कि घटना बिलौटा गांव की है। यहां रहने वाले नंदलाल गुर्जर और उनका 17 साल का बेटा देवराज ट्रैक्टर ट्रॉली में खाद भरवाकर खेत में गए थे। जहां चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खड़ा कर दूर जाकर बैठ गया, जबकि नंदलाल गुर्जर वही खड़े थे। देवराज ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाद खाली कर रहा था तभी हाईटेंशन लाइन का 11 केवी का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जा गिरा। करंट लगने से देवराज की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी आग लग गई। इस घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सूचना पर पूर्व विधायक और बिजली विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस बाबत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *