संकल्प पायलट प्रोजेक्ट के तहत आईटीआई एट गुढा में 10 दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ
देश के केवल 5 स्थानों पर चल रहा है पायलट प्रोजेक्ट, एट गुढ़ा आईटीआई भी उनमें शामिल
सिमुलेशन आधारित शिक्षा विकसित करने का दिया जाएगा प्रशिक्षण
▪️ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढा ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के संकल्प प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रांगण में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के संकल्प प्रोजेक्ट के अंतर्गत नेशनल इंस्ट्रक्शनल मीडिया इंस्टीट्यूट (निमी), चेन्नई तथा अमृता विश्व विद्यापीठ, केरल के सौजन्य से व्यवसायिक ट्रेनिंग के भविष्य के सशक्तिकरण विषय पर दस दिवसीय पायलट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य भारत में व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों के स्तर को उच्चतम स्थान पर ले जाना है।
▪️संस्थान के प्रधानाचार्य जीतपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट देश में केवल चार प्रमुख संस्थानों में शुरू किया गया है, जिसमें झज्जर एट गुढा का संस्थान एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। एन.एस.टी.आई, देहरादून, एन.एस.टी.आई, मुंबई, जी.आई.टी.आई गोवा तथा जी.आई.टी.आई के अलावा स्थानीय झज्जर एट गुढा में ही चलाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक्स और सोलर टेक्नीशियन को मानकों, दिशा-निर्देशों और एसओपी के विकास के माध्यम से व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनने के लिए केरल के प्रतिष्ठित अमृता विश्व विद्यापीठ से पांच सदस्यों की टीम ने इस परियोजना में सक्रिय भाग लिया है। यह प्रोजेक्ट व्यापक रूप से व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों के शिक्षा प्रदान के माध्यम से भारत में एक नई ऊर्जा और उत्कृष्टता का संदेश देने का उद्देश्य रखता है। यह प्रोजेक्ट सरकार के स्किल इंडिया मिशन के साथ मिलकर देशवासियों के शिक्षा और कौशल विकास में महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा है।
